मऊ/वाराणसी। आजमगढ़-मऊ स्थानीय निकाय प्राधिकारी क्षेत्र से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ अपने बेटे विक्रांत सिंह रिशू को निर्दलीय के तौर पर चुनाव मैदान में उतारना भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह को भारी पड़ गया। चुनाव लड़ाने व प्रचार प्रसार करने की शिकायत पर उन्हे छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
आजमगढ़ मऊ स्थानीय निकाय प्राधिकारी क्षेत्र से भाजपा ने सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरुण कांत यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के एमएलसी यशवंत सिंह के बेटे विक्रांत सिंह रिशु निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। यशवंत सिंह सपा के तरफ से पिछले लगभग 20 वर्षों से विधान परिषद सदस्य रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भाजपा ने विधान परिषद सदस्य बनाया था।