बिहार: कार से कुचल कर दो की मौत, स्थानीय लोगों ने किया चक्का जाम

Listen to this article

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के बर्डी मोड़ पर अनियंत्रित कार से कुचलकर दो पैदल लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक स्थानीय निवासी हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर चक्का जाम कर दिया है। इसकी सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई और सडक़ को जाम कर प्रदर्शन शुरू किया गया। बीच सडक़ पर आगजनी कर आवागमन को बाधित कर दिया गया।
स्थानीयों ने बताया कि दोनों मृतक औरंगाबाद जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक कार ने आकर दोनों को कुचल दिया। कार भी अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे जाकर पलट गई। कार चालक को भी गंभीर चोट आई है। दोनों ग्रामीणों की मौत के बाद स्थानीय लोग भडक़ उठे और सडक़ जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग -2 पर आवागमन बाधित कर दिया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई है। पुलिस स्थानीय लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है। कार चालक का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।