जौनपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जौनपुर दौरे पर जिले को विकास के कई सौगात देने के साथ भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कड़ी नसीहत भी दे डाली। जौनपुर में शिलान्यास तथा लोकार्पण के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ गाजीपुर के लिए रवाना हो गए। जौनपुर में 258 करोड़ की 116 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित करते पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य मैदान में सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश को खोखला कर दिया था। भ्रष्टाचार पिछली सरकारों की जींस का हिस्सा था, अपने लिए और अपने खानदान के लिए भ्रष्टाचार पैदा करते थे। भ्रष्टाचारी कोई भी होगा उसकी संपत्ति कुर्क करके उसे गरीबों के उपयोग के लिए कोई संकोच नहीं करेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि सूबे में विकास योजनाएं जो भी चलाई गई सिर्फ अपने लोगों को लाभ दिया गया। उसका लाभ आम आदमी को नहीं मिला। आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। नए भारत के साथ ही उत्तर प्रदेश भी नया उत्तर प्रदेश बन रहा है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए आप लोगों का जो योगदान रहा उसका धन्यवाद ज्ञापित करने मैं आया हूं।