बलरामपुर। घर से निकले किशोर को तेंदुए ने निवाला बना लिया। किशोर अमन चौधरी अपने घर से अकेले निकलकर कुछ दूरी पर स्थित ताऊ के यहां खाना खाने जा रहा था। वहां पहुंचने से पहले की सडक़ के किनारे खेत में बैठे तेंदुए ने अमन चौधरी (13) पुत्र मोहन चौधरी पर हमला कर दिया। तेंदुआ अमन को उठा ले गया। उसके गले पर दांत और कमर पर पंजे का निशान मिला है। सिर पर भी चोट लगी है। जमीन पर घसीटने का भी निशान दिखा है। घटना पचपेड़वा के विशुनपुर कोडर गांव में गुरुवार रात की है। मृतक की मां शशिकला ने बताया कि ताऊ शिव सागर के यहां मेहमान आए थे। इसलिए अमन भी वहीं खाना खाने जा रहा था। घर से करीब आठ बजे निकला था। देर तक जब वह ताऊ के घर नहीं पहुंचा तो वहां खोजबीन शुरू हुई। घर से कुछ दूरी पर अमन की चप्पल और टार्च पड़ी मिली। टार्च जल रही थी। इसे देख परिजन अमन को तेज आवाज से पुकारने लगे। आगे बढ़ते ही खेत में खून से लथपथ अमन चौधरी का शव पड़ा मिला। शव देख परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। ग्रामीणों ने टार्च की रोशनी में खेत में खोजा, लेकिन मौके पर कोई जानवर नहीं दिखा। मृतक की बड़ी बहन दिव्या ने बताया कि पिता साल भर से घर नहीं आए हैं। वह रोजी-रोटी के लिए बाहर हैं। उनको घटना की जानकारी फोन से दी गई।