तिरुवनन्तपुरम। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री केरल में हो गई है। कार्यक्रम के अनुसार, पार्टी राज्य में 19 दिन रहेगी और करीब 450 किमी की यात्रा करेगी। अब खबर है कि कांग्रेस का दक्षिण भारतीय राज्य में इतना लंबा कार्यक्रम सत्तारूढ़ सीपीएम को रास नहीं आ रहा है। वाम दल ने दावा किया है कि कांग्रेस केवल 2024 चुनाव में अपनी लोकसभा सीटें बचाने की कोशिश कर रही है। साथ ही सीपीएम ने कहा है कि कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में ज्यादा समय देना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीपीएम के एक नेता ने कहा कि जैसा की कांग्रेस दावा करती है, अगर उसे भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से लडऩा है तो यात्रा उत्तर प्रदेश या गुजरात में लंबे समय तक चलनी चाहिए। खास बात है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेता 2 दिनों के लिए यूपी जाएंगे। जबकि, पार्टी ने हिमाचल प्रदेश और गुजरात को रूट में शामिल नहीं किया है। इन दोनों राज्यों में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
सीपीएम नेता का कहना है कि कांग्रेस अपने दावों से उलट 2024 में केवल 19 लोकसभा सीटें बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस दक्षिण में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। यह यात्रा भाजपा या उसकी जन विरोधी नीतियों के खिलाफ लडऩे के लिए नहीं है। असली चुनौती उत्तर में हैं और कांग्रेस उसका सामना नहीं करना चाहती।