गोरखपुर। सूबे के पूर्वांचल में बारिश होने से यहां के लोगों में काफी खुशी दिखी। बारिश होने के नाते तापमान में गिरावट आने से जहां उमस, धूप कम हुई वहीं किसानों के चेहरे पूरी तरह से खिल गए। आपको बतादें कि पूर्वांचल के कई जिलों जैसे गोरखपुर, बस्ती, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, कुशीनगर समेत आसपास के जिलों में बीते रात से बुधवार की सुबह तब खूब बारिश हुई जिससे यहां का माहौल खुशनुमा हो गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 2 दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। रुक-रुक कर बारिश होगी। इससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि मध्यप्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना है। दोनों के कारण पूर्वी यूपी के नेपाल और बिहार से सटे जिलों में शुक्रवार तक मानसून सक्रिय रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।