पंखे से लटकती हुई मां तो बिस्तर पर मिला पुत्र व पुत्री का शव

Listen to this article

अमेठी। शहर में दिल दहलाने वाली घटना प्रकाश में आई है। शिवरतनगंज के कुकहा रामपुर गांव में दो बच्चों का शव कमरे में मिला है। मां का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। सुबह इस घटना की जानकारी होने के बाद हर कोई दंग है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। कुकहा रामपुर गांव के धर्मराज पासी निजी ड्राइवर हैं। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी शीतला देवी बीती रात को चार वर्षीय पुत्री निधि और ढाई वर्ष के रितेश के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। अंदर से उसने दरवाजा बंद कर लिया। मंगलवार की सुबह जब देर तक दरवाजा नहीं खुला, तब सास ने आसपास के लोगों को बुलाया।
इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो नजारा देख कर हर कोई सन्न रह गया। दोनों बच्चों के शव कमरे में मिले। गले पर चोट के निशान भी दिखे। वहीं, महिला का शव पंखे की हुक से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को नीचे उतरवाया। मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। घटना के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्थिति साफ नहीं है। मां रामकली ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। एसपी डा. इलामारान ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी
हासिल की है। सीओ डा. अजय कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि महिला ने बच्चों की हत्या करके खुद फांसी लगा ली है। दरवाजा अंदर से बंद था। पति धर्मराज ड्राइवर हैं, वह लखनऊ गया है। उसे बुलवाया जा रहा है। घर पर सिर्फ सास थी। सास से अनबन की बात भी सामने आई है। इसकी जांच की जा रही है।