आगरा। अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने आए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। वह जालौन का रहने वाला है। युवक की मौत के बाद रैली को नहीं रोका गया है। वहीं शुक्रवार को जालौन और इटावा के युवाओं ने दौड़ लगाई। रैली के लिए 8727 युवाओं ने पंजीकरण कराया था जिसमें 5868 युवाओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में युवा रैली में फेल हुए। वहीं शनिवार को इटावा और फिरोजाबाद के युवाओं को रैली में मौका मिलेगा। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आनंद इंजीनियरिंग कालेज में दस अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि निशांत ने रैली में भाग लिया और फिर मैदान से बाहर आ गया। घर वापसी के लिए बस में बैठने के दौरान हाथ ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया। इससे करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। निशांत के निधन की जानकारी स्वजन को दी गई। सिकंदरा थाना में स्वजन पहुंच गए हैं। अभी तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। यह पहला मौका है, जब रैली में शामिल होने आए किसी युवा की मौत हुई है।