- जीआरडी गेट के सामने का दूसरे का मकान दिखाया था
गोरखपुर। कैन्ट पुलिस ने दूसरे का मकान दिखाकर 1.5 करोड़ रुपये वसूलकर हड़पने वाले जालसाज को गिरफ्तार कर लिया। उसे इंजीनियरिंग कालेज चोकी इंचार्ज अंजनी यादव व उनकी टीम ने रविवार की रात कूड़ाघाट से पकड़ा है। जालसाज की पहचान मुरारी उर्फ मुराली साहनी पुत्र पुनई साहनी निवासी सैनिक कुंज कॉलोनी सेक्टर सी बचपन स्कूल के पास महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर 3 थाना शाहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।
इंस्पेक्टर कैन्ट शशिभूषण राय ने बताया कि गोरक्षनगर निवासी अविनाश राय पुत्र योगेश राय ने 7 जुलाई 2022 को अतुल कुमार त्रिपाठी पुत्र हौसिला प्रसाद त्रिपाठी, मारुतिनंदन पुत्र अतुल कुमार त्रिपाठी, रामप्रवेश सिंह पुत्र स्व0 राजेन्द्र सिंह निवासी महादेव झारखण्डी टुकड़ा नम्बर-3 जीतपुर दरगहीया नन्दानगर थाना शाहपुर और चन्द्रमोहन त्रिपाठी निवासी मानिक नगर दरगहिया, मुरारी सहानी, गोकुल सहानी निवासी सैनिक कुंज कालोनी, सेक्टर-C के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया था कि इन लोगो ने मकान बेचने के नाम पर 1.5 करोड़ ले लिया है और मकान भी रजिस्ट्री नही कर रहा है। न ही पैसे वापस कर रहा है। पुलिस ने साजिश रचने, धोखाधड़ी, जालसाजी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया था।जिसके बाद कैण्ट पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर वांछित आरोपी मुरारी उर्फ मुराली साहनी को गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह की ठगी
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी मुराली ने बताया कि उन लोगो का एक गिरोह है, जो लोगो को विश्वास में लेकर मकान दिलाने के नाम पर पैसे हड़प लेता है। साथ ही पैसे को आपस में पैसे बाट लेते है और रकम देने वालो को आना कानी कर बहलाये रखते है । इसी तरह इन लोगो ने अविनाश राय से भी मकान दिलाने के नाम पर गैंग के अतुल कुमार त्रिपाठी के G.R.D. गेट के सामने वाले मकान को दिखाया। मकान की कीमत 15 करोड़ रुपये बताया। इन लोगो ने अविनाश राय से एडवांस के रूप में 5 लाख रुपये और कुल 1 करोड़ 50 लाख रूपया ले लिया। जब अविनाश राय ने मकान बैनामा करने के लिए दबाव बनाया तो ये लोग आनाकानी करने लगे। पुलिस अन्य 6 आरोपियों की तलाश में है। पुलिस इनपर गैंगेस्टर की भी कार्यवाई करेगी।