शादी से मना करने पर प्रेमी ने युवती पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Listen to this article

दुमका (झारखंड)। दुमका में एक बार फिर युवती के साथ हैवानियत की हदें पार की गई हैं। जरमुंडी के भालकी गांव में एक 19 वर्षीय युवती मारुति कुमारी को पेट्रोल डाल कर जला दिया गया। युवती को गंभीर हालत में दुमका के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है। सूत्रों के मुताबिक पहले दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। अब दोनों में ब्रेकअप हो गया था। लडक़ी ने शादी से इनकार कर दिया था।आरोपी युवक राजेश राउत गिरफ्तार हो गया है। वह दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का है। राजेश राउत की इसी साल किसी दूसरी लडक़ी से शादी हो चुकी है। इसके बावजूद वह मारुति कुमारी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। मारुति कुमारी जामा के भैरवपुर गांव की रहने वाली है। वह अपने नाना किशन रावत के घर भालकी गांव के भरतपुर टोला में आई थी। देर रात करीब एक बजे मारुति के नाना के घर मे ही पेट्रोल डाल कर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल मारुति कुमारी को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस अस्पताल से उसे रेफर किया जाएगा। इधर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने मारुति कुमारी के बेहतर इलाज के लिए भाजपा की ओर से दो लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस घटना को लेकर बीजेपी सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य का कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, दुमका में पेट्रोल से एक युवती को जलाकर मारने के मामले की आग अभी बुझी नहीं कि जरमुंडी थाने के भालकी गांव में किसी राजेश राउत नाम के युवक ने उन्नीस वर्षीया युवती को पेट्रोल डाल जला कर मारने का प्रयास किया है। झारखंड में क़ानून व्यवस्था की इससे बदतर स्थिति और क्या हो सकती है?