बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, मंत्रियों को भी दिया टास्क

Listen to this article

लखनऊ। बारिश और बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया है। लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार लोगों को राहत देने में जुट गई है। मुख्यमंत्री खुद भी बलरामपुर में बाढ़ प्रभावित लगोों के बीच पहुंचे। अपने हाथों से राहत सामग्री का वितरण किया। सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि सभी मंत्री समूह जिलों में भ्रमण पर निकलें और बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्यों को और बेहतर करने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में हुई भारी बारिश से उपजी परिस्थितियों की समीक्षा की। वर्तमान में राप्ती और सरयू (घाघरा) खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुख्यमंत्री ने नदियों के जलस्तर की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश से प्रभावित सभी जिलों में राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज करने और एडीएम-जॉइंट मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में जिलों में कंट्रोल रूम को 24म7 क्रियाशील रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों में अत्यधिक बरसात से जनजीवन, पशुधन और खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिला है। कई जनपदों में जन-धन हानि की सूचना मिली है। राज्य सरकार सभी प्रभावित जनों की सुरक्षा और भरण-पोषण के लिए जरूरी प्रबंध करने को प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने भारी बारिश, आकाशीय विद्युत, सर्पदंश और डूबने से हुई जनहानि पर दु:ख व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित की जाए और घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को तत्काल मदद पहुंचाई जाए। राहत पैकेट के वित्तरण में देरी न हो। राहत शिविरों में प्रकाश के पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संवेदना और सहयोग का समय है। हमारी पूरी टीम को एकजुट होकर कार्य करे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न जलजनित-मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार की आशंका होती है। साथ ही सर्पदंश की घटनाएं बढऩे की आशंका है। ऐसे में राहत शिविरों का समीप स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। यहां एंटी वेनम इंजेक्शन की उपलब्धता जरूर रहे।