जयपुर (राजस्थान)। कांग्रेस में आलाकमान की सख्ती के बावजूद भी राजस्थान कांग्रेस में बयानबाजी थम नहीं रही है। कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने एक बार फिर गहलोत समर्थक मंत्री महेश जोशी पर इशारों में निशाना साधा है। इस बार दिव्या मदेरणा ने सहारा लिया है कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खडग़े के उस बयान का जिसमें उन्होंने यह कहा था कि बकरीद में बचेंगे तो मोहर्रम में नाचेंगे। खडग़े के इस बयान को दिव्या मदेरणा ने मुख्य सचेतक महेश जोशी पर पूरी तरीके से फिट बताते हुए कहा कि यह महेश जोशी के झूठ और विद्रोह पर सटीक बैठता है। जिसमें उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधि या अनुशासनहीनता से इनकार किया है।
दिव्या के निशाना पर महेश जोशी
सियासी संकट में गहलोत कैंप को निशाने पर ले रही ओसिया विधायक दिव्या मदेरणा ने एक बार फिर मुख्य सचेतक महेश जोशी पर ट्वीट के जरिए हमला बोला है। दिव्या मदेरणा ने विधायकों को महेश जोशी की ओर से फोन नहीं किए जाने की बात पर भी कहा है कि, फिर महेश जोशी यह बताएं कि वह खुद मुख्यमंत्री के निवास पर हुई विधायक दल की बैठक में क्यों नहीं गए और खुद इस्तीफा देने विधानसभा अध्यक्ष के निवास पर क्यों गए? वह स्वयं अगर मीटिंग में जाते तो अन्य विधायक भी उनसे प्रेरणा लेते। उल्लेखनीय है कि दिव्या मदेरणा लगातार 25 सितंबर को आलाकमान की ओर से बुलाई गई विधायक दल की बैठक के बहिष्कार के लिए गहलोत कैंप के जिम्मेदार ठहरा रही है।