लखनऊ। त्योहारों पर अगर आप ऑनलाइन शॉपिंग करने का सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। क्योंकि साइबर ठग फर्जी लिंक तैयार कर वॉट्सऐप और फेसबुक के जरिए नामी ऑनलाइन कंपनियों के प्रोडक्ट का ऑफर दे रहे हैं। ठग 4जी से 5जी नेटवर्क में सिम बदलने और दीपावली-धनतेरस पर कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर भारी छूट दे रहे हैं। ऐसे में जैसे ही लिंक पर आप क्लिक करके एप्लिकेशन फॉर्म भरते हैं। उसके कुछ देर बाद आपका अकाउंट खाली हो जाता है और रुपए कटने का मैसेज आने के बाद ठगी का पता चलता है। अगस्त 2022 से अब तक 3 हजार 4 सौ 60 साइबर क्राइम की शिकायतें आ चुकी हैं। साइबर सेल के एक अधिकारी ने बताया कि हर 3 महीने में साइबर जालसाजी का पैटर्न बदल जाता है। आज हम आपको जिनके साथ साइबर ठगी हुई, उनके बारे में बताएंगे। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट से बताएंगे कि ठग आपके खाते कैसे खाली करते हैं।