परसिया देवार का मुख्य बंधा टूटा, दो सौ घरों में घुसा सरयू का पानी

Listen to this article

देवरिया। उफान पर आई सरयू नदी के दबाव से शुक्रवार को परसिया देवार का मुख्य बंधा टूट गया। परसिया देवार गांव स्थित दसरसरिया टोला के पश्चिम बाबू साहब के पोखरे के पास करीब 30 से 40 मीटर लम्बाई में बंधा टूटा है। बंधा टूटने से दसरसरिया टोला, भर टोला, चौधरी टोला, बाबू लोग का टोला, कमकर टोला, नकीहवा टोला, छोटा भर टोला के करीब 200 घरों में पानी घुस गया है। यह बंधा नदी पार कर दियारा में पहुंचने पर करीब 500 मीटर आगे मिलता है। जो सूरजपुर जाता है। यह बंधा पूरे गांव की रक्षा करता है। इस बंधे पर करीब दो किमी तक बाढ़ का पानी ओवरफ्लो हो रहा है। बंधा टूटने से पंचायत भवन में घुटने भर पानी लगा है। प्रभावित घरों के लोग अपने छत की शरण लिए हैं। कुछ लोग दूसरे के घरों का सहारा लिए हैं। जल भराव के चलते बंधा पर शरण लेने की जगह नहीं है।