गोरखपुर। जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र मेंएक युवक गृह कलह से आजित होकर आज उफनाई नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रहा कि युवक पानी में तैरना जानता था। नदी की बीच धारा में जाकर उसने जान देने का इरादा बदल दिया। इसके बाद खुद ही तैरकर बाहर आ गया। घटना शुक्रवार की सुबह 10 बजे की है। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के कुआवल पुल से युवक ने आमी नदी में छलांग लगाई थी। कुछ लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस युवक की तलाश में जुटी थी। इस बीच पता चला कि युवक खुद ही तैरकर बाहर आ चुका है और एक बाग में बैठा है।
पुल पर साइकिल खड़ी कर नदी में कूदा
इलाके के परमेश्वरपुर गांव निवासी प्रदीप गोंड पुत्र शिवकुमार गोंड घर के झगड़े से परेशान था। शुक्रवार को वह साइकिल से कुवावल पुल पर पहुंचा। इसके बाद पुल पर ही साइकिल खड़ी कर आमी नदी में छलांग लगा दी। नगरा गांव के एक युवक की बीमारी से मौत हो गई थी। परिजन नदी किनारे श्मशान घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने युवक को नदी में छलांग लगाता देख शोर मचा दिया। उन्होंने पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी। इसके अलावा कुछ देर बाद लोगों की नजर लावारिश साइकिल पर पड़ी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मछआरोंं की मदद से युवक की तलाश शुरू की। नदी का जलस्तर ज्यादा होने से युवक का कुछ पता नहीं चल पा रहा था।
आम के बाग में बैठा था युवक
2 घंटे बाद पुलिस को जानकारी मिली कि जिस युवक की नदी में तलाश हो रही है, वह आम के बाग में बैठा है। प्रदीप नदी के पूरब कटाईटिकर बाग में बैठा था। इस पर पुलिस ने राहत की सांस ली। हरपुर बुदहट थाने के एसआई उदयभान सिंह टीम के साथ आम के बाग में पहुंच गए। उन्होंने युवक से घटना की जानकारी ली। पुलिस युवक को लेकर थाने पहुंची। इसके बाद परिजनों को बुलाकर युवक को उन्हें सौंप दिया।