खडग़े की ताजपोशी पर बोलीं सोनिया गांधी- मुझे मिली बड़ी राहत

Listen to this article

नई दिल्ली। कांग्रेस में आज से एक बड़े बदलाव की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मल्लिकार्जुन खडग़े ने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर अध्यक्ष का पद संभाल लिया। इस मौके पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद थे। इसके अलावा पार्टी के अन्य तमाम सीनियर नेता भी मौजूद थे। मल्लिकार्जुन खडग़े को अध्यक्ष पद पर बिठाने के बाद सोनिया गांधी ने राहत महसूस करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि मैं बहुत राहत महसूस कर रही हैं। यह बड़ी बात है कि एक कमजोर परिवार से आने वाले नेता को पार्टी के लोगों ने चुना है। वह अपनी मेहनत और लगन से यहां तक पहुंचे हैं। हमें यकीन है कि उनकी लीडरशिप में कांग्रेस मजबूत होगी। सोनिया गांधी ने मैंने अभी कहा कि राहत महसूस कर रही हूं। मैं इस बात को स्पष्ट करना चाहती हूं कि आपने इतने सालों से मुझे जो प्यार और सम्मान दिया है, उसका अहसास मुझे जीवन की आखिरी सांस तक रहेगा। लेकिन यह सम्मान एक बड़ी जिम्मेदारी भी थी। मुझसे अपनी क्षमता और योग्यता के मुताबिक जो बन पड़ा है, वह किया है। करीब 22 सालों तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने कहा कि आज हमारी पार्टी के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि देश के सामने लोकतांत्रिक मूल्यों का जो संकट खड़ा हुआ है, उसका मुकाबला हम कैसे करें।