गोपागंज। बुधवार को नाव से शराब तस्करों को पकडऩे गए जवान हादसे का शिकार हो गए। नाव पलटने से एक की मौत हो गई, वहीं अन्य दो की तलाश जारी है। जादवपुर के राजवाही गांव में शराब तस्करी की सूचना मिली थी। तस्करों को पकडऩे के लिए पुलिस टीम नाव पर सवार होकर थी। इसी दौरान गंडक नदी में नाव पलट गई। नाव पलटते ही सभी पुलिसकर्मी नदी में डूब गए। हालांकि, इनमें से कुछ पुलिसकर्मी तैरकर बाहर आ गए। लेकिन तीन जवान बाहर नहीं निकल पाए। इन तीनों में से एक जवान की लाश बरामद हुई है। मृतक जवान की पहचान गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र निवासी मोहन ठाकुर के पुत्र राजेश कुमार (36) के रूप में हुई। वह सिपाही के पद पर तैनात था। वहीं अन्य दो जवानों की तलाश की जा रही है। इधर, घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस जवानों की तलाश में जुट गई है।