अराजकत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा का हाथ तोड़ा

Listen to this article

देवरिया। अराजकतत्वों ने पार्क में लगे अंबेडकर प्रतिमा का एक हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी देखरेख में क्षतिग्रस्त प्रतिमा का मरम्मत करा दिया। क्षेत्र के पोखरभिंडा लाला गांव में जूनियर विद्यालय से सटे पार्क में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा स्थल के पास ही ग्रामीणों ने लक्ष्मी गणेश का पांडाल स्थापित किया था। देर रात अराजकतत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा का एक हाथ तोडक़र फेंक दिया। इससे पहले भी इसी प्रतिमा का वहीं हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के दर्जनों सदस्य और ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्राम प्रधान पति कमलेश यादव ने मामले की सूचना थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार चतुर्वेदी को दी। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर बाद ही क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयस त्रिपाठी भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने तत्काल मजदूरों को बुलवाकर खुद के खर्चे से प्रतिमा का हाथ जुड़वा दिया। इसके अलावा उन्होंने प्रतिमा की रंगाई पुताई के लिए पेंट मंगवाया। गांव के रामबास प्रसाद, कलेक्टर प्रसाद, पलटू पासवान समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि पार्क की बाउंड्रीवाल नहीं होने से अराजकतत्व प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर देते हैं।