डॉक्टर से 1.80 करोड़ की ठगी: अस्पताल के लिए जमीन दिलाने के नाम पर हड़प लिए रूपए, 3 के खिलाफ केस

Listen to this article

गोरखपुर। अस्पताल के लिए भूमि दिलाने का झांसा देकर बाराबंकी के एक डॉक्टर से 1.80 करोड़ जालसाजी का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर रामगढ़ताल पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी का केस तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बाराबंकी के देवा रोड पर आस्था हॉस्पिटल चलाने वाले डॉक्टर वीरेंद्र सिंह पटेल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है, हॉस्पिटल खोलने के लिए भूमि खोज रहे थे। 2019 में बहराइच जिले के नानपारा थानाक्षेत्र स्थित मिश्रापुर मिहीपुरवा निवासी ओमप्रकाश सिंह ने गोरखपुर में भूमि दिलाने का भरोसा दिया।
उन्होंने मेरी मुलाकात राजेंद्रनगर पश्चिमी, वृंदावन निवासी विपिन यादव और गगहा के नेवादा निवासी संजय शाही से कराई। विपिन और ओमप्रकाश ने बताया कि संजय शाही अपनी भूमि बेच रहे हैं। झांसा देकर इन लोगों ने संजय के बैंक खाते में 1.80 करोड़ रुपए भेजवा दिए। भूमि बैनामा करने के लिए उन्होंने संजय से कहा तो टाल-मटोल करने लगे। बाद में पता चला कि जिस भूमि को दिखाकर उन्होंने रुपए लिए हैं दूसरे की है। रुपए वापस मांगने पर संजय शाही और उनके साथी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया, रामगढ़ताल थाना पुलिस जांच कर रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।