संतकबीरनगर। जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के झुडिय़ा पुल के नीचे एक बुजुर्ग महिला का शव गठरी में बंधा हुआ बरामद हुआ है। बखिरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के हाथ पांव रस्सी से बंधे थे। सिर पर चोट पर के निशान भी दिखाई दिए हैं। इससे लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। बेलहर व बखिरा के सरहद पर झुडिय़ा पुल स्थित होने के कारण घटना के चार घंटे तक दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अंत में बखिरा पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
फूला देवी (68) पत्नी नरेश निवासी महदेवा थाना मेंहदावल का शव शनिवार की सुबह 10 बजे कुछ लोगों ने झुडिय़ा पुल के नीचे देखा। गठरी में शव बंधा होने के कारण केवल महिला का सिर दिखाई दे रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर बेलहर थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा व बखिरा थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पहुंच गए। सीमा विवाद के कारण दोनों थानों की पुलिस एक दूसरे की सीमा में शव के बरामद होने की बात कहती रही। दोपहर 2 बजे बखिरा पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले लिया।
प्रथमदृष्टया देखने पर यह प्रतीत हुआ कि महिला का हाथ पांव बांधकर हत्या करके पुल के नीचे फेंका गया है। महिला के सिर पर चोट के निशान भी थे। बखिरा पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में जुटी हुई है। इस बिंदु की भी जांच हो रही है कि महदेवा से झुडिय़ां तक शव को ठिकाने कैसे लगाया गया। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। फिलहाल अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।