बस्ती। ट्रेन की चपेट में आने से बीते शाम एक युवती की मौत हो गई। वाल्टरगंज कस्बे से सटे पूर्वी आउटर के पास हुई घटना में मृतका की शिनाख्त नन्दनी पुत्री राजकुमार निवासी रघुनाथपुर थाना वाल्टरगंज के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से बाजार आई हुई थी। गोविन्दनगर स्टेशन का पूर्वी केबिन ट्रेन के आने की वजह से बंद था। इसी दौरान डाउन ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मां दुर्गावती ने बताया कि तीन पुत्रियों में नन्दनी सबसे छोटी थी। उसकी शादी तय थी। बीते मंगलवार को इसी सिलसिले में एक कार्यक्रम भी था। पिता राजकुमार मजदूरी का काम करते हैं। नंदिनी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।