पेड़ से टकराई कार, ममेरे भाइयों की मौत

Listen to this article

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के भलुही गांव के पास नहर पटरी पर बीती रात में तेज रफ्तार से आ रही कार की पेड़ में जोरदार टक्कर हो गई। कार में सवार छह लोगों को चोटें आयी। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज ले जाया जा रहा था कि इसमें ममेरे भाइयों ने रास्ते मे दम तोड़ दिया, जबकि चार का इलाज शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
क्षेत्र के भिसवां निवासी वीरेंद्र सिंह के घर रिश्तेदार आए हुए थे। शाम को घर पर ही भोजन बन रहा था। इसी बीच वीरेंद्र सिंह के पुत्र राहुल सिंह के साथ उनके ममेरे भाई समेत कार में सवार होकर छह युवक भटहट घूमने चले गए। रात में वापस आते समय भलुहीं गांव के पास नहर पटरी के किनारे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी। जिसमें राहुल सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी भिसवां (28) व उनके मामा के लडक़े अभिषेक सिंह पुत्र रूद्र प्रताप सिंह (36) वर्ष निवासी भड़सर थाना कप्तानगंज ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। अभिषेक सिंह गीडा में स्थित एक इंस्टिट्यूट में शिक्षक थे।
वहीं वीरेंद्र सिंह के दूसरे पुत्र आनंद सिंह (30), अभिलाष सिंह पुत्र रुद्र प्रताप सिंह (32) वर्ष निवासी भड़सर थाना कप्तानगंज, ओम सिंह पुत्र बैजनाथ सिंह (24) निवासी भिसवां, थाना पिपराइच व विशाल सिंह पुत्र शैलेंद्र सिंह (18) सिधावल थाना पिपराइच गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल अभिलाष सिंह पुत्र रुद्र प्रताप सिंह मर्चेंट नेवी में इंजीनियर है। एक माह पहले ही उनकी शादी हुई है। घायलों का इलाज शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है। दो नौजवान ममेरे भाइयों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम सा पसरा हुआ है। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।