नवागत मुख्य सचिव, डीजीपी संग पहुंचे अयोध्या, रामलला का किया दर्शन

Listen to this article

अयोध्या। एक वर्ष का सेवा विस्तार मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव का पद संभालने वाले वरिष्ठ आइएएस अफसर दुर्गा शंकर मिश्रा गुरुवार को रामनगरी अयोध्या के दौरे पर थे। शासन में शीर्ष कुर्सी पर काबिज होने के बाद दुर्गा शंकर मिश्रा ने अयोध्या दौरे पर आज हनुमान गढ़ी के साथ ही राम लला का दर्शन व पूजन किया। उनके साथ इस दौरान पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल भी थे। पद संभालने के सात दिन बाद ही दुर्गा शंकर मिश्रा रामलला की शरण में पहुंचे हैं।
शीर्ष पद पर तैनात दो मुख्य अधिकारी गुरुवार को राम नगरी में थे। उत्तर प्रदेश में मुख्य सचिव का पद संभालने के बाद दुर्गा शंकर मिश्रा आज पहली बार अयोध्या पहुंचे। अयोध्या में उन्होंने हनुमान गढ़ी मंदिर में पवन पुत्र हनुमान का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह राम लला का दर्शन करने पहुंचे। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में विराजमान श्री राम लला का दर्शन पूजन करने के बाद मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने प्रदेश के पुलिस विभाग के प्रमुख पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल के साथ अयोध्या का भ्रमण भी किया। उन्होंने यहां पर चल रहे विकास कार्य का जायजा भी लिया।