उत्तर प्रदेश अब भयमुक्त, डबल इंजन की सरकार का काम: ठाकुर

Listen to this article

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार के बीते पांच वर्ष के कार्यकाल का खाका शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने खींचा। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण तथा सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शुक्रवार को दूरदर्शन के कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। सरकार के कामकाज के साथ ही विकास कार्य और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर खुलकर बोले। कहा कि उत्तर प्रदेश में शानदार विकास कार्य को को देखने के बाद तो रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले भी अब मंदिर जाने लगे हैं। यहां पर जिन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाने का काम किया, मंदिरों में विस्फोट करवाने का काम किया और आतंकियों के मुकदमे वापस लेने का काम किया वही लोग आज मंदिर बनाने की बात कर रहे हैं। कहा कि केन्द्र में ईमानदार सरकार देने का कार्य नरेन्द्र मोदी जी ने किया है तो प्रदेश में यह काम योगी आदित्यनाथ ने किया है। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी भी कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में योगी ही उपयोगी है। उन्होंने कहा कि देश के गरीब का पैसा किसने मारा। उसके खिलाफ केन्द्र सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। पहले केवल 15 मेडिकल कॉलेज थे, आज 60 मेडिकल कॉलेज हैं। यह सब काम उपयोगी सरकार ने किया है। ठाकुर ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में योगी आदित्यनाथ की सरकार में दंगों का दूर दूर तक नामोंनिशान तक नहीं है। जो आतंक का वातावरण खड़ा करते थे, आज वो नजर नहीं आते। आज उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सरकार के पांच साल के कार्यकाल को उठा कर देखिए, जहां गुंडाराज था, वहीं एक के बाद एक दंगे भी हुआ करते थे। उत्तर प्रदेश को दंगा और गुंडाराज से मुक्त करने का काम किसी भी सरकार ने किया है तो वह भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। लम्बे समय के अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश में खुशहाली आई है।