गोरखपुर। पछुआ हवाओं का प्रभाव सोमवार को भी देखने को मिला। सोमवार का दिन पिछले तीन वर्षों में सबसे ठंडा रहा है। ठंड ने ऐसा जोरा मारा कि लोगों का रोम-रोम कांप गया। करीब 17 किलोमीटर की रफ्तार से बहती बर्फीली हवाएं दिन भर लोगों को झकझोरती रहीं। गलन से बचने के लिए लोग सिर से पैर तक गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। बावजूद इसके बर्फीली हवाएं लोगों को सिहराती रहीं। मंगलवार को भी सोमवार जैसी ही ठंडी रही। सुबह घना कोहरा छाया रहा और बर्फीली हवाएं कंपकंपी बढ़ाती रहीं। अनुमान है दिन में भी मौसम ऐसे ही रहेगा।
औसत से 9.4 डिग्री सेल्सियस ठंडा रहा दिन
मौसम विशेषज्ञ की मानें तो सोमवार को सीवियर कोल्ड डे के रूप में रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान पिछले चौबीस घंटे में तेजी से न्यूनतम तापमान की तरफ बढ़ा है। दिन का तापमान पहले ही औसत से काफी कम था। पिछले चौबीस घंटे में यह 3.4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 12.6 पर आ गया। यह जनवरी माह के औसत अधिकतम तापमान से 9.4 डिग्री कम है। पिछले तीन वर्षों में जनवरी का दिन इतना ठंडा कभी नहीं रहा है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय इसकी वजह पहाड़ों पर बर्फबारी व पछ़ुआ हवाओं का तेज चलना बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊपरी वायुमंडल में भी पछुआ हवाएं तेज गति के साथ चल रही हैं। इसके चलते गलन बढ़ी हैं। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सोमवार का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि ठंड के मौसम में तापमान औसत से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम रहे तो उस दिन को कोल्ड डे घोषित किया जाता है। तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर उसे सीवियर कोल्ड डे कहा जाता है।
आज छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया है कि मंगलवार की सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके चलते आसमान भी साफ नहीं दिखेगा। इससे सूर्य की रोशनी नीचे नहीं आ सकेगी और गलन बरकरार रहेगी। सुबह नौ बजे तक पुरुवा हवा बहेगी और उसके बाद पछुआ हवाएं बहेंगी। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेंगे। मौसम विशेषज्ञ ने संभावना जताई है कि अगले कुछ दिन इसी प्रकार रहेंगे। आगामी 22 व 23 जनवरी को जिले में गरज, चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।