बीएसपी ने जारी की एक और सूची, रैलियों को लेकर समीक्षा आज

Listen to this article

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित देश के पांच राज्य अब चुनावी रंग में सराबोर हो चुके हैं। रैलियों पर रोक है तो नेता डोर-टू-डोर कैंपेन में जुट गए हैं। मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स का भी सहारा ले रहे हैं। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ड़ा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह डोर-टू-डोर कैंपेन करेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी आज कैंडिडेट लिस्ट जारी करेगी। वहीं, चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने शनिवार को दूसरे चरण के सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इस दौरान मायावती ने कहा, इस बार हमारा चुनावी नारा होगा हर पोलिंग बूथ को जिताना है बसपा को सत्ता में लाना है।
बसपा सुप्रीमो मायावती पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मुझे बहुत आश्चर्य हुआ कि चुनाव भी आ गया लेकिन फिर भी वो सक्रिय नहीं हुईं, हो सकता है कि उन पर भाजपा सरकार का दबाव हो।
केंद्रीय चुनाव आयोग (सीईसी) आज मतदान वाले उत्तर प्रदेश में कोविड की स्थिति की समीक्षा करेगा। आयोग का यह कदम कोरोना के कारण राजनीतिक रैलियों, रोड शो और पदयात्राओं पर प्रतिबंध लगाने के अपने निर्णय की समीक्षा को लेकर है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को कैराना और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुलंदशहर से पहले चरण के चुनाव का आगाज करेंगे। शाह कैराना के बाद मेरठ भी जाएंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर पहले कैराना फिर मेरठ आएंगे। कैराना में पलायन पीडि़तों के घर जाकर मिलेंगे। इस दौरान भाजपा नेताओं से विचार-विमर्श भी कर सकते हैं। शाम करीब पांच बजे वह मेरठ जाएंगे। बाईपास स्थित गॉडविन होटल में प्रबुद्ध वर्ग के करीब दो सौ लोगों के साथ संवाद करेंगे। उसके बाद सडक़ मार्ग से शाम को दिल्ली लौट जाएंगे।

भाजपा के प्रचार रथों को रवाना करेंगे सीएम योगी
भाजपा चुनाव प्रचार अभियान के लिए तैयार प्रचार रथों को शनिवार को प्रदेश मुख्यालय से रवाना किया जाएगा। सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा केंद्रीय मंत्री भाजपा के सह चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर प्रचार रथों को रवाना करेंगे।