लखनऊ । यूपी में सत्ता बरकरार रखने के प्रयास में जुटी भाजपा ने 18वीं विधानसभा के गठन के लिए होने वाले चुनाव के लिए आज प्रत्याशियों की एक और सूची जारी की। भाजपा मुख्यालय से जारी की गई इस तीसरी सूची में 91 प्रत्याशियों के नाम हैं।
भारतीय जनता पार्टी की तीसरी सूची में भी लखनऊ के प्रत्याशियों के नाम नहीं है। अभी भी लखनऊ की कई सीट पर पेंच हैं। इसके साथ ही उन्नाव में विधानसभा अध्यक्ष पंडित हृदयनारायण दीक्षित की सीट पर भी अभी संशय है। प्रदेश में अभी भाजपा को सहयोगी दलों को भी कई सीट देनी है। कई सीटों पर अभी भी पेंच फंसा है। इनमें विधानसभा अध्यक्ष की भी सीट है। कई जिलों में लगभग एक-दो सीटों पर सस्पेंस बना है। इनमें मऊ व आजमगढ़ से लेकर बलिया तक कई सीट हैं। समाजवादी पार्टी के बाद भाजपा ने भी प्रतापगढ़ के कुंडा से निर्दलीय दबंग विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ प्रत्याशी उतार दिया है। सिंधुजा मिश्रा यहां पर राजा भैया को चुनौती देंगी।