मेरा देश एक है, यहां भाई-भाई की संस्कृति: सिंधिया

Listen to this article

रायपुर में पहुंचे केन्द्रीयमंत्री ज्योतिरादित्य, राहुल के बयान पर किया पलटवार
रायपुर (छत्तीसगढ़)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार राजधानी रायपुर पहुंचे। सिंधिया ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दो भारत वाले बयान पर पलवाटर किया। सिंधिया ने कहा कि राहुल गांधी देश को दो भागों में बांटने की बात कह रहे हैं। ऐसा बयान कोई भारत का नागरिक नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि मेरा देश भारत है, मेरा देश एक है, मेरा देश एक परिवार है। भाई-भाई की संस्कृति मेरे देश में है। दरअसल सिंधिया केंद्रीय बजट-2022 संगोष्ठी में शामिल होने आए हैं। इस संगोष्ठी में वे केंद्र सरकार के बजट से दूरगामी परिणामों से भाजपा के पदाधिकारियों को जानकारी देंगे। रायपुर पहुंचने पर सिंधिया ने 3 फरवरी को राहुल गांधी के साइंस कॉलेज में दिए बयान पर कहा कि शायद राहुल गांधी का संदर्भ 2014 के पहले के भारत को लेकर है, जहां प्रगति नहीं होती थी। विकास नहीं होता था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले दूसरी परिस्थिति थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद दूसरा देश दिख रहा है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। विकास के द्वार खुले हैं। देश में विकास के नए आयाम दिख रहे हैं। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विधायक बृजमोहन अग्रवाल सहित भाजपा नेताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत किया।