यूपी विस चुनाव- दूसरे चरण का मतदान जारी, मंत्री जितिन प्रसाद ने पत्नी संग डाला वोट

Listen to this article

लखनऊ। दूसरे चरण के मतदान में आज प्रदेश के नौ जिलों की 55 सीटों पर मतदान जारी है। पोलिंग पार्टियों ने मतदान केन्द्रों पर मॉक पोलिंग से ईवीएम की टेस्टिंग की। इसके बाद सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया। ठंड तथा कोहरे के बाद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो जिलों के साथ रुहेलखंड के सात जिलों में मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया।
दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर, बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जिलों में मतदान हो रहा है। वोटर सुबह से ही वोटर पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे। शाम छह बजे तक मतदान चलेगा। आज 2.02 करोड़ मतदाता 586 प्रत्याशियों की तकदीर का फैसला करेंगे। इस चरण में 69 महिला उम्मीदवार हैं। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और भय मुक्त मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने हर जिले के 50 प्रतिशत बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है। पोलिंग बूथों पर आवश्यकता के अनुसार वीडियो कैमरे भी लगाए गए हैं।
दूसरे चरण के मतदान का प्रतिशत
सात से नौ बजे
सहारनपुर 09.77
बिजनौर 10.01
मुरादाबाद 10.03
संभल 10.78
रामपुर 08.37
अमरोहा 10.83
बदायूं 09.14
बरेली 08.36
शाहजहांपुर 09.18
कुल —- 09.45
मंत्री जितिन प्रसाद ने ने शाहजहांपुर में पत्नी के साथ डाला वोट: मंत्री जितिन प्रसाद ने शाहजहांपुर में अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में देश के साथ उत्तर प्रदेश विकास की राह पर सरपट दौड़ रहा है। इस बार चुनाव में भाजपा को जीत मिलने के बाद विपक्षी दल और हताश होंगे। सपा तथा रालोद के गठबंधन को उन्होंने क्षणिक बताया। जितिन प्रसाद ने कहा कि चुनाव के बाद इनका गठबंधन भी टूटेगा।
नौ बजे तक 9.45 प्रतिशत वोटिंग: विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण का मतदान जारी है। कई जगह पर थोड़ी देर के लिए ईवीएम में दिक्कत के बाद भी पहले दो घंटे यानी सात से नौ बजे तक नौ जिलों में कुल 9.45 प्रतिशत मतदान हो गया था। अमरोहा में सर्वाधिक 10.83 तो सबसे कम बरेली में 8.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। सहारनपुर में 9.77, बिजनौर में 10.01, मुरादाबाद में 10.03, संभल में 10.78, रामपुर में 8.37, अमरोहा में 10.83, बदायूं में 9.14, बरेली में 8.36 तथा शाहजहांपुर में 9.18 प्रतिशत मतदान हो गया था।
रामपुर में केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया मतदान: नरेन्द्र मोदी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दूसरे चरण के मतदान में आज रामपुर में वोट डाला। नकवी वहां पर आम मतदाता की तरह ही लाइन में लगे और अपनी बारी आने पर मतदान किया। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और उनकी पत्नी सीमा नकवी ने दनियापुर शंकरपुर बूथ पर वोट डाला।