नई दिल्ली। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, वैसे-वैसे ही मौसम का मिजाज भी बदलता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को अगले दो दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 15 से 16 फरवरी के दौरान बारिश हो सकती है। साथ ही 17 से 20 फरवरी की रात के दौरान भी इस क्षेत्र में बारिश की संभावना है। साथ ही, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 5 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।