कुशीनगर। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि अखिलेश यादव ढीले गेंदबाज हैं। केवल फुलटास फेंकते हैं। मोदी-योगी ने 2014, 2017, 2019 में चौका लगाया है। इस बार भाजपा छक्का लगाएगी। अब तक के पांच चरण के चुनाव में भाजपा ने बहुमत प्राप्त कर लिया है। छठवें व सातवें चरण में 300 पार की सरकार बनने जा रही है। 2013 में यहीं से पार्टी ने अपना विजय अभियान शुरू किया था और 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। वह कुशीनगर बुद्ध इंटरमीडिएट कालेज के खेल मैदान में भाजपा प्रत्याशी पीएन पाठक के समर्थन में सोमवार को चुनावी सभा के संबोधित कर रहे थे।
योगी सरकार में माफियामुक्त हुआ यूपी: गृहमंत्री ने बसपा, सपा, कांग्रेस पर सामूहिक हमला बोलते हुए कहा कि इनकी सरकारों ने उप्र के विकास को जाति के खांचों में बांट कर रख दिया था। इसलिए प्रदेश का विकास ठप पड़ गया था। मोदी की सरकार बनी तो यूपी का समग्र विकास हुआ। 2017 में योगी की सरकार बनी तो प्रदेश माफियामुक्त हुआ तो कानून का राज स्थापित हुआ। अब मुख्तार, अतीक, आजम जेल में है। कहा कि विपक्षी दलों ने दलितों की विकास के लिए कुछ नहीं किया, केवल बातें की। भाजपा की सरकार ने उनके उत्थान का कार्य किया। शौचायल, गैस सिलेंडर, निश्शुल्क विद्युत कनेक्शन और 20 से 24 घंटे बिजली देने का कार्य किया है। फिर से भाजपा की सरकार प्रदेश में बनने पर किसानों को निश्शुल्क बिजली दी जाएगी।