देवरिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रत्याशियों की सूची को लेकर सपा-बसपा को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां सपा ने दंगाइयों, आतंकियों को टिकट दिया है वही बसपा की पहली ही सूची मुस्लिम लीग की सूची की तरह थी। उन्होंने कहाकि सपा, बसपा व कांग्रेस अवसरवादियों की जमात है। सभा में मुख्यमंत्री ने देवरिया में चीनी मिल लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह बातें पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के नवतप्पी इंटर कालेज गढऱामपुर में भाजपा प्रत्याशी सूर्यप्रताप शाही के समर्थन में सभा को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सामाजिक न्याय को बनाए रखते हुए प्रत्याशी तय किया, लेकिन सपा व बसपा की सूची देखकर मैं भौचक रह गया। सपा ने गुंडों, दंगाइयों, आतंकवादियों का समर्थन करने वालों को प्रत्याशी बनाया। बसपा ने तो अपनी पहली ही सूची में 29 मुसलमानों को प्रत्याशी बनाकर यह साबित कर दिया कि सपा की तुष्टिकरण वाली नीति का ठेका अब बहन मायावती ने ले लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बसपा की पांच साल की सरकार में प्रदेश में 364 और सपा की पांच साल की सरकार में 700 से अधिक दंगे हुए, जबकि भाजपा सरकार में अभी तक एक भी दंगा नहीं हुआ। भाजपा की की डबल इंजन की सरकार प्रदेश की जनता को भयमुक्त समाज बनाकर दिया है। उन्होंने भीड़ से बिजली आपूर्ति को लेकर सवाल पूछते हुए कहा कि भाजपा ने बिना भेदभाव के पर्याप्त बिजली देने का कार्य किया। सभी मजरों का विद्युतीकरण कराने कार्य किया है। सपा-बसपा की सरकार में बिजली भी जाति मजहब के आधार पर बिजली दी जाती थी। ईद व मोहर्रम पर बिजली आती थी, जबकि होली दीपावली पर बिजली गायब हो जाती थी।
मुख्यमंत्री ने कोरोनकाल में भाजपा व सरकार के कार्यो का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भाजपा के लोग जनता की सेवा कर रहे थे, लेकिन सपा, बसपा व कांग्रेस के लोगों का पता नहीं था। संकट के समय गायब रहे इन दलों के लोग चुनाव के समय आपके बीच आकर बरगलाने का काम कर रहे हैं। सपा, बसपा व कांग्रेस संकट के साथी नहीं हैं।