गोरखपुर। महंगाई केवल रसोईघर तक सीमित नहीं रही। अब आशियाना बनवाने वाले सामानों पर भी महंगाई की मार दिख रही है। सरिया, बालू व गिट्टी के दामों में व्यापक उछाल के बाद आशियाना का सपना संजोये लोग परेशान नजर आने लगे हैं। उनको घर बनाने का सपना पूरा करना कठिन साबित हो रहा है।
इतने बढ़ गए दाम: भवन निर्माण सामग्री के दामों में इन दिनों इजाफा हो रहा है। 12 दिन पहले सरिया 6500 रुपए प्रति क्विंटल बिक रही थी। जबकि सोमवार को इसकी कीमत में 1500 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई। अब आठ हजार रुपए प्रति क्विंटल बिक्री हो रही है। कुछ दिन पहले गिट्टी 80 रुपए प्रति घन फीट बिक रही थी। इन दिनों 92 रुपए प्रति घन फीट बिक रही है। मोरंग 60 रुपए प्रति घर फीट बिक रहा था। अब 80 रुपए प्रति घन फीट बिक रहा है। यही नहीं, कुछ दिन पहले दो हजार ईंट की कीमत 15 हजार रुपए थी जो अब 16 हजार रुपए हो गई है। इसके चलते लोगों को मकान बनवाना या मरम्मत कराना महंगा हो गया है।
्रकारोबारी बोले
बिल्डिंग मैटेरियल के कारोबारी राम सिंह यादव ने बताया कि कच्चा माल महंगा होने से सरिया के दामों में वृद्धि हुई है। पंद्रह दिनों में सरिया के दामों में 1500 से 1600 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है। सीमेंट की बोरी पर भी 25 से 30 रुपए वृद्धि हुई है। अभी सरिया के दाम में और वृद्धि हो सकती है। सबसे अधिक दिक्कत प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को हो रही है। एक लाख 20 हजार रुपए में उन्हें आवास का निर्माण कराना है। किसी तरह उन्होंने दीवार का निर्माण तो कराया है लेकिन महंगाई के चलते छत की ढलाई नहीं करा पा रहे हैं। सुमित्रा का कहना है कि आवास निर्माण के लिए दो किस्त मिल चुकी है। निर्माण सामग्री के दामों में वृद्धि के चलते निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है।