अगरतला। गृह मंत्री अमित शाह त्रिपुरा के एक दिवसीय दौरे पर हैं। अमित शाह ने अगरतला में एक रैली को संबोधित किया। शाह ने कहा कि हमारे देश की आजादी को 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। साथ ही खूबसूरत त्रिपुरा को भी बने हुए 50 साल पूरे हो गए हैं। अमित शाह ने रैली के मंच से विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि 25 साल तक कम्युनिस्टों ने त्रिपुरा में राज किया था। 2015 में जब मैं यहां आया था, हर कोई यहां त्राहिमाम कर रहा था। उन्होंने कहा कि 25 साल तक कम्युनिस्टों ने यहां गरीबों के नाम पर राज किया, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा और अन्य दलों के 39 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। उस समय भाजपा ने तय किया था कि हम त्रिपुरा में एक आंदोलन खड़ा करेंगे। शाह ने आगे कहा, मुझे आज भी याद है जब पहली बार मैंने इंटीरियर त्रिपुरा में पहली बार चलो पलटाई का नारा दिया तो, लोगों में जो उत्साह दिखा उससे ही हमें पता चल गया था कि यहां परिवर्तन होने वाला है। भाजपा सरकार बनने के चार साल बनने के बाद मैं देख रहा हूं कि जो त्रिपुरा पहले ड्रग्स और नशे के कारोबार से त्रस्त था, वो त्रिपुरा आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।