रूस ने युद्ध के तेज किए हमले, कीव में अलर्ट जारी

Listen to this article

 

कीव। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 14वां दिन है। रूस के हमले के बाद लाखों लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। जिसके बाद कई पश्चिमी देशों ने रूस पर प्रतिबंध भी लगाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रासी ने जानकारी दी है कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र से रिमोट डेटा ट्रांसमिशन खो गया है। चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र अब संयुक्त राष्ट्र के परमाणु प्रहरी को डेटा संचारित नहीं कर रहा है वहीं रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन के कई शहरों में हवाई हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच कोका-कोला कंपनी ने रूस में अपने उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी है। अमेरिका ने यूक्रेन के लिए रूस निर्मित लड़ाकू विमान देने के पोलैंड के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।
ब्रिटेन ने रूस के खिलाफ नए विमानन प्रतिबंधों की घोषणा की
ब्रिटेन ने बुधवार को रूस के खिलाफ नए विमानन प्रतिबंधों की घोषणा की है। एक बयान में कहा गया है कि प्रतिबंध में रूस या नामित व्यक्तियों या संस्थाओं से जुड़े किसी भी व्यक्ति के स्वामित्व, संचालित या चार्टर्ड विमान शामिल हैं, और इसमें रूस से जुड़े व्यक्तियों के स्वामित्व वाले किसी भी विमान को रोकने की शक्ति शामिल होगी।