12 से 14 साल तक के बच्चों को टीका लगाने की तैयारी

Listen to this article

गोरखपुर। कोविड टीकाकरण अभियान में अब 12 से 14 साल तक के बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। इसी सप्ताह इनका टीकाकरण शुरू हो सकता है। इनके लिए बायोलाजिकल ई लिमिटेड द्वारा निर्मित वैक्सीन कोर्बेवैक्स एडी हेल्थ कार्यालय मे आ चुकी है। सभी जिलों को एक-दो दिन में प्रदान कर दिया जाएगा। इसके बाद बच्चों का कोरोनारोधी टीकाकरण शुरू हो जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने 12 से 14 साल तक के बच्चों की सूची बनानी शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार इस आयु वर्ग के लगभग तीन लाख बच्चे जिले में हैं। सीएमओ डॉ आशुतोष दुबे ने बताया कि कोर्बेवैक्स की 28-28 दिन पर दो डोज दी जाती है। यह स्वदेशी वैक्सीन है। इस वैक्सीन के आने की सूचना पहले से थी। इसलिए इस आयु वर्ग के बच्चों की सूची लगभग तैयार है। एडी हेल्थ कार्यालय में इस वैक्सीन की लगभग सात लाख डोज आ चुकी है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में इसका वितरण हो जाएगा। यह वैक्सीन भी मांसपेशियों में लगाई जाती है। दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान में इसे स्टोर किया जाता है। इसकी .5 एमएल की एक खुराक होती है।
90 प्रतिशत किशोरों को ही लग सका है टीका
टीकाकरण अभियान में 15-17 वर्ष के किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने में विभाग के पसीने छूट रहे हैं। इस आयु वर्ग के सभी 3.11 लाख लोगों को 31 जनवरी तक टीका लगा देने का लक्ष्य रखा गया था। अभी तक 90 प्रतिशत को टीका लगाया गया है। 10 प्रतिशत को विभाग ढूंढ रहा है। अब किशोर बहुत मुश्किल से मिल रहे हैं।
इस बाबत सीएमओ डॉ आशुतोष दुबे ने बताया कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में किशारों के लिए कोवैक्सीन है। बच्चों के लिए कोर्बेवैक्स वैक्सीन भी पर्याप्त मात्रा में मिलने की उम्मीद है। सभी पात्रों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए हमारी टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।