नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। यूपी में बेहद रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। सपा और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर है, जबकि पंजाब में कभी कांग्रेस तो कभी आप को बढ़त मिल रही है। वहीं हॉट सीट की बात करें तो फाजिलनगर सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य और जहूराबाद से ओपी राजभर पीछे चल रहे हैं। वहीं गोरखपुर से सीएम योगी आदित्यनाथ और सिराथू से केशव प्रसाद मौर्य आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझान में यूपी और उत्तराखंड में भाजपा आगे है। उत्तर प्रदेश की 403, पंजाब की 117, उत्तराखंड की 70, गोवा की 40 और मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए थे। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सात चरणों में मतदान कराए गए। पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में एक चरण में तो वहीं मणिपुर दो चरणों में मतदान संपन्न हुए। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां करीब 50 हॉट सीटें हैं। इसमें योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य समेत कई मंत्री शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में मुख्य टक्कर भाजपा और सपा के बीच बताई जा रही है। वहीं पंजाब की बात करें तो यहां का मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। इस बार आम आदमी पार्टी भी पंजाब में मजबूती से चुनाव लड़ी है। उत्तराखंड और गोवा में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है।
उत्तराखंड में कौन आगे कौन पीछे
गोवा के पेरनेम से कांग्रेस प्रत्याशी आगे, बिचोलिम से मेघश्याम कांग्रेस के आगे। उत्तराखंड मे नरेंद्र नगर से कांग्रेस प्रत्याशी आगे, धनोल्टी से भाजपा के प्रीतम सिंह, विकास नगर से भाजपा के मुन्ना चौहान, धरमपुर से भाजपा के विनोद चमोली, रायपुर से भाजपा के उमेश शर्मा आगे चल रहे हैं।
यूपी: कौन आगे कौन पीछे
उत्तर प्रदेश बरेली सीट से भाजपा के अरुण कुमार पीछे चल रहे हैं। शाहाबाद से आसिफ खान आगे चल रहे हैं। महमूदाबादा से भाजपा की आशा मौर्या आगे चल रही हैं।
यूपी में भाजपा 264 सीटों पर आगे
उत्तर प्रदेश में भाजपा 262 सीटों पर, सपा 118 सीटों पर और बसपा तीन सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस तीन सीटों पर और अन्य दो सीटों पर आगे है। बसपा की स्थिति पिछले चुनाव से भी खराब लग रही है। उत्तर प्रदेश की छानबे सीट से कीर्ति, मझवां से निषाद पार्टी के प्रत्याशी, चुनार से भाजपा के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।
अखिलेश यादव ने किया ट्वीट, इम्तिहान बाकी है अभी हौसलों का वक़्त आ गया है अब ‘फ़ैसलों’ का मतगणना केंद्रों पर दिन-रात सतर्क और सचेत रूप से सक्रिय रहने के लिए सपा-गठबंधन के हर एक कार्यकर्ता, समर्थक, नेतागण, पदाधिकारी और शुभचितंक को हृदय से धन्यवाद! ‘लोकतंत्र के सिपाही’ जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें!
नोए़ड़ा से पंकज सिंह, मथुरा से श्रीकांत शर्मा आगे
नोएडा से पंकज सिंह, भाजपा आगे चल रहे हैं। मथुरा से श्रीकांत शर्मा आगे चल रहे हैं। मनकापुर से भाजपा के रमापति शास्त्री आगे चल रहे हैं। शोहरतगढ़ से कांग्रेस के चौधरी रवींद्र प्रताप सिंह आगे, इटावा से भाजपा के सतीश चंद्र द्विवेदी, डुमरियागंज से राघवेंद्र सिंह भाजपा आगे चल रहे हैं।
रामपुर से आजम खान आगे
उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट से आजम खान आगे चल रहे हैं। वह 9 बार विधायक रह चुके हैं। वहीं सरधना से संगीत सोम आगे चल रहे हैं। वह दो बार विधायक रह चुके हैं। सिराथू से केशव प्रसाद मौर्य पीछे चल रहे हैं।
पंजाब चुनाव परिणाम: मालविका सूद भी पीछे
पंजाब के मोगा से सोनू सूद की बहन मालविका सूद पीछे चल रही हैं। जलालाबाद सुखबीर सिंह बादल, लंबी सीट से प्रकाश सिंह बादल पीछे चल रहे हैं। प्रकाश सिंह बादल पांच बार के मुख्यमंत्री हैं। चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ सीट से पीछे चल रहे हैं। धूरी से आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान आगे चल रहे हैं।