बलिया । पूर्वांचल के बलिया की सदर सीट इस बार हॉट सीट बन गई है। यहां से भाजपा ने मंत्री स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह को मैदान में उतारा है। छठे चरण में 3 मार्च को यहां हुए चुनाव में मुकाबला आमने-सामने का दिखाई दिया था।
बलिया सदर में चार राउंड के बाद दया शंकर सिंह करीब पांच हजार वोटों से आगे चल रहे थे। संयोग से इस सीट से जीतने वाले मंत्री पद का दर्ज भी मिलता रहा है। पिछले चुनाव में भाजपा के आनंद स्वरूप शुक्ल ने इस सीट को जीता और मंत्री बने थे। आनंद स्वरूप शुक्ला को इस बार बलिया सदर की जगह बैरिया से मैदान में उतारा गया है। बैरिया के बयानबाज नेता सुरेंद्र सिंह का भाजपा ने टिकट काट दिया है। पिछली बार के मुकाबले इस बार इस सीट का समीकरण बदल गया है। 2017 विधानसभा चुनाव में नारद राय बसपा के टिकट से चुनाव मैदान में थे। अब वो वापस अपनी पुरानी पार्टी समाजवादी पार्टी से चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में सीधा मुकाबला नारद राय और दयाशंकर सिंह के बीच है। पिछली बार भाजपा के आनंद स्वरूप शुक्ला ने 92 हजार 889 वोट पाकर जीत हासिल की थी। आनंद शुक्ला ने लक्ष्मण गुप्ता को 40 हजार 11 वोटों से हराया। बलिया जिले में सबसे अधिक वोटों से आनंद स्वरूप शुक्ला चुनाव जीते।