कार्यवाहक सीएम योगी का दिल्ली का दौरा कल, तय होगी शपथ की तारीख

Listen to this article

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीन दशक बाद किसी पार्टी की लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी के जश्न के बीच में उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नई दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। रविवार को नई दिल्ली में योगी आदित्यनाथ की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात होगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को रफ्तार मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात में लगातार दो दिन के दौरे में व्यस्त रहने के कारण उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब नई में रविवार को उनके साथ ही भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ भेंट करेंगे। सीएम योग आदित्यनाथ की भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, धर्मेन्द्र प्रधान तथा संगठन के बड़े पदाधिकारियों के साथ मुलाकात का कार्यक्रम है। माना जा रहा है इस दौरान उत्तर प्रदेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण के साथ ही नए मंत्रिमंडल पर भी चर्चा होगी।
उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगातार दूसरी बार प्रचंड जीत मिली है। 2022 के विधानसभा चुनाव की जीत के बाद भाजपा में योगी आदित्यनाथ का कद भी बढ़ रहा है। प्रदेश में सारे मिथक को तोडक़र भाजपा को बड़ी सफलता दिलाने वाले योगी आदित्यनाथ का एक बार फिर से सीएम बनना तय माना जा रहा है। वह भाजपा के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बने होंगे जो कि दोबारा जीतकर सरकार बनाने जा रहे हैं। भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में भी सीएम योगी आदित्यनाथ की छवि आने वाले समय में पार्टी के लिए काफी लाभदायक साबित होने वाली है। इससे भाजपा के मिशन 2024 को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी। योगी आदित्यनाथ का कद आने वाले समय में उत्तर प्रदेश ही नहीं देश की राजनीति की दिशा तय करेगा।