लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तमाम कयासों के विपरीत काम किया है। आज उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ही आजम खां ने भी रामपुर लोकसभा सीट छोड़ दी है। आजमगढ़ तथा रामपुर को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। अब आजमगढ़ के साथ रामपुर में लोकसभा का उप चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पांच में से दो सांसदों के इस्तीफा देने के बाद लोकसभा में उनका संख्या बल कम हो जाएगा। अखिलेश तथा आजम खां के इस्तीफा दे देने के बाद अब 2024 से पहले उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ तथा रामपुर में लोकसभा के उप चुनाव होंगे। अखिलेश यादव ने लोकसभा सदस्य के पद से इस्तीफा देकर एक तीर से कई निशाने साधे हैं। वह अब 26 मार्च को होने वाली समाजवादी पार्टी के विधायक दल की बैठक में निर्विरोध नेता चुने जाएंगे। इसके साथ ही विधानसभा में भी वह भाजपा को कड़ी चुनौती पेश करेंगे। माना जा रहा है कि विधान परिषद के चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी, ऐसे में अखिलेश यादव और आजम खां के इस कदम से समाजवादी पार्टी को विधानसभा में मजबूती मिलेगी।