आगरा। एटा में एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कलेक्ट्रेट पर जमकर हंगामा हुआ तथा भाजपा सपा समर्थकों में मारपीट हुई। इस दौरान सपा प्रत्याशी राकेश यादव और उदयवीर सिंह को कलेक्टर छोडक़र भागना पड़ा। सपा प्रत्याशी उदयवीर सिंह और राकेश यादव के नामांकन के शपथ पत्रों में गलतियां थी इस वजह से उन्हें 11 बजे तक का समय दिया गया था ताकि दूसरा शपथ पत्र लेकर पहुंचे। लेकिन सपा प्रत्याशी निर्धारित समय से 10 मिनट देरी से पहुंचे। भाजपाइयों ने जब यह देखा कि सपा प्रत्याशी का समय निकल चुका है तो टोका टाकी की। सपा के दोनों प्रत्याशी जब कलेक्ट्रेट के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे तो भाजपाइयों से विवाद हो गया इस दौरान सपा प्रत्याशी उदयवीर के साथ मारपीट की गई। कलेक्ट्रेट पर 15 मिनट तक खूब हंगामा होता रहा। इस दौरान पुलिस के भी हाथ-पांव फूले रहे। मारपीट के दौरान सपा प्रत्याशी राकेश यादव और उदयवीर सिंह कलेक्ट्रेट छोडक़र भाग गए। बाद में जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल के निर्देश पर दोनों प्रत्याशियों को कलेक्ट्रेट बुलाया गया। सपा जिला अध्यक्ष परवेज जुवेरी के साथ दोनों प्रत्याशी जिलाधिकारी से मिले लेकिन तब तक निर्धारित समय निकल चुका था इस कारण दोनों प्रत्याशी वापस लौट गए। बाद में दोनों प्रत्याशियों ने जिला पंचायत में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सपा प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने धांधली कराई है मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की जा रही है। प्रशासन के निर्देश पर समय से हमें नामांकन कक्ष तक नहीं जाने दिया गया। सपा अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी और आंदोलन करेगी। उधर भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि किसी भी भाजपा कार्यकर्ता ने सपा प्रत्याशियों के साथ मरपीट नहीं की है।