मुख्तार के घर आधी रात दबिश

Listen to this article

गाजीपुर। एमएलसी चुनाव में नाम वापसी से पहले सपा और भाजपा में जोर आजमाइश का दौर जारी है। आज नाम वापसी का अंतिम दिन है। इससे पहले बीते आधी रात मुख्तार अंसारी के घर कई थानों की पुलिस फोर्स ने दबिश दी। मुख्तार अंसारी के भाई, भतीजे और बेटे के घरों को पुलिस ने खंगाला। पुलिस के अनुसार एमएलसी चुनाव के वोटरों को बंधक बनाने की शिकायत मिली थी। गाजीपुर में विधानसभा चुनाव के दौरान सपा ने क्लीन स्वीप किया है। यहां की सभी सात सीटों पर सपा के विधायक चुने गए हैं। अब विधान परिषद यानी एमएलसी चुनाव में दोनों तरफ से जोर आजमाइश हो रही है। भाजपा ने विशाल सिंह चंचल को प्रत्याशी घोषित किया है। सपा की तरफ से भोला नाथ शुक्ल को प्रत्याशी बनाया गया था। सपा भाजपा के अलावा निर्दल प्रत्याशी मदन यादव ने भी नामांकन किया है। सपा ने अपने प्रत्याशी का पर्चा वापस होने पर निर्दल मदन यादव को समर्थन देने की रणनीति बनाई। इसी बीच मदन यादव के घर भी प्रशासन की टीम पहुंच गई। वहां विकास कार्यों की पैमाइश को कारण बताया गया। सपा ने इसका भी विरोध किया और आरोप लगाया कि मदन यादव पर भी नाम वापसी के लिए दबाव बनाने के लिए यह सब हो रहा है।