इजरायली पीएम का भारत दौरा रद

Listen to this article

तेल अवीव। इजरायल के पीएम नफ्ताली बेनेट का भारत दौरा स्थगित हो गया है। वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे और उसके बाद से ही उनकी भारत यात्रा को लेकर सवाल उठने लगे थे। अब मंगलवार को इजरायल की ओर से पीएम के भारत दौर को टालने की जानकारी दी गई। नफ्ताली बेनेट 2 अप्रैल को भारत के दौरे पर आने वाले थे। उन्होंने जानकारी दी थी कि अपने दोस्त पीएम नरेंद्र मोदी के न्योते पर वह भारत जाएंगे। इजरायल का पीएम बनने के बाद से उनका यह पहला भारत दौरा होता। इजरायल सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बेनेट ने खुद को आइसोलेट कर लिया है और घर से ही काम कर रहे हैं। इस साल भारत और इजरायल के राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे हो रहे हैं। इसी मौके पर वह भारत आने वाले थे। यहां बेनेट का पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा कई और सीनियर मंत्रियों से मुलाकात का कार्यक्रम था।