दिल्ली सीएम केजरीवाल बोले- मै देश के लिए जान भी दे सकता हूं

Listen to this article

घर पर हमले के बाद केजरीवाल ने बीजेपी पर साधा निशान
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हमले के एक दिन बाद उन्होंने कहा है कि वह देश के लिए जान भी दे सकते हैं। आम आदमी पार्टी ने कहा था कि भाजपा के लोग अरविंद केजरीवाल की हत्या की साजिश कर रहे हैं। पार्टी की तरफ से कहा गया था कि जब चुनाव में जीत हासिल नहीं कर पाए तो केजरीवाल को मारने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली में ई-ऑटो के लॉन्च प्रोग्राम में संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, केजरीवाल महत्वपूर्ण नहीं है, यह देश जरूरी है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी को इस तरह की गुंडागर्दी शोभा नहीं देती। इससे देश के युवाओं को गलत संदेश जाता है। बता दें कि केजरीवाल के घर के बाहर भाजपा युवा मोर्चे के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विधानसभा में द कश्मीर फाइल्स पर दिए गए बयान के बाद कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किए। इसी श्रृंखला में उनके घर के बाहर भी विरोध हो रहा था। इसके बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि भाजपा के लोगों ने केजरीवाल के घर पर हमला किया और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। चुप्पी तोड़ते हुए दिल्ली के सीएम ने कहा, हमें मिलकर देश को आगे ले जाना है। हमने लडऩे में ही 75 साल गंवा दिए।