गोरखपुर। बांसगांव इलाके के बहोरवा गांव में 4 दिन से लापता 7 वर्षीय बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। बुधवार की सुबह उसकी लाश घर के पीछे डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित झाडिय़ों में मिली। बच्चे के मुंंह में कपड़ा ठूंसा गया था ओर दोनों हाथ लाल कपड़े से बंधा था। पुलिस जांच कर रही है कि हत्या किस वजह से की गई है।हालांकि परिजनों ने किसी से दुश्मनी व फिरौती मांगे जाने से इंकार किया है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। हत्या की सूचना पर तत्काल एसएसपी डॉ विपिन तांडा, एसपी साउथ अरूण कुमार सिंह पुलिस बल व डाग स्कावड और फोरेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार बहोरवा निवासी रूद्र राजभर शिक्षक हैं। उनका छोटा बेटा 7 वर्षीय लक्ष्य उर्फ गोलू राजभर 2 अप्रैल की शाम 5 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान वह लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद बांसगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार लक्ष्य सबसे छोटा था। उसकी दो बड़ी बहनें 11 वर्षीय दुलारी व 9 वर्षीय सोनम हैं। बच्चे की मौत के बाद परिजन रो रोकर बेहाल हैं।
परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह कुछ महिलाएं शौच के लिए गई थीं। इस दौरान उन्हें दुर्गंध लगी जिसके बाद देखा कि बच्चे का शव पड़ा था। जिसके बाद परिजनों को जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव के पास से बच्चे का बाल बरामद किया है। एसएसपी ने हत्यांकांड के खुलासे व आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी साउथ के नेतृत्व में 3 टीम गठित की है।