प्रयागराज। भाजपा का स्थापना दिवस आज बुधवार को पूरे देश में मनाया जा रहा है। प्रयागराज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उत्साहित हैं। यहां धूमधाम से स्थापना दिवस समारोह पूर्वक मनाया जा रहा है। इस दौरान सभी शक्ति केंद्रों पर पार्टी का झंडा फहराने के साथ संगठन की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई गई। भाजपा कार्यालय के 500 मीटर के क्षेत्र में स्थापना दिवस रैली भी निकाली गई। यमुनापार इलाके में रैली का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना। भाजपा संगठन के शीर्ष नेताओं ने प्रत्येक कार्यकर्ता को भरोसा दिलाया कि वह मुश्किल की हर घड़ी में कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्पित है। प्रयागराज महानगर इकाई की ओर से भी स्थापना दिवस पर भव्य आयोजन हुआ। सिविल लाइंस स्थित कार्यालय पर झंडा फहराने के साथ बाइक रैली निकाली गई। नेतृत्व महानगर अध्यक्ष गणेश केशरवानी ने किया। सभी शक्ति केंद्रों पर छोटे-छोटे आयोजन भी किए जा रहे हैं।