जालोर (राजस्थान)। जालोर के रामा गांव में सरपंच के ससुर ने खुद को बंदूक से गोली मार कर सुसाइड कर लिया। मृतक का मौत से पहले बनाया वीडियो और सुसाइड नोट सामने आया है। इसमें मृतक ने अपने बेटे से परेशान होकर सुसाइड करने की बात कही है। मृतक ने सुसाइड नोट में लिखा कि मैं कहता हूं ऐसी औलाद किसी को नहीं हो। जो बाप का नहीं वो किसी का नहीं। मेरा अंतिम संस्कार शक्ति नहीं करे, पोता आरडी सिंह करें। पुलिस वीडियो और सुसाइड नोट की जांच कर रही है। रामा निवासी मोड सिंह राजपूत पुत्र नरपत सिंह ने खुद को बंदूक से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। मृतक ने मरने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा है। मृतक ने मौत से पहले घर के पास स्थित मंदिर के पास वीडियो बनाया और फिर घर आकर खुद को गोली मार ली। मृतक के बेटे शक्ति सिंह की पत्नी वर्तमान में रामा सरपंच हैं। भाद्राजून थानाधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक ने बंदूक से गोली मारकर सुसाइड किया है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। मगर सुसाइड नोट व मृतक का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुआ है। पुलिस सोशल मीडिया पर सुसाइड नोट शेयर होने की जांच कर रही है। मृतक ने सुसाइड नोट में अपने बेटे पर ही प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है।