देवरिया। जिले के भाटपाररानी थाना क्षेत्र के टीकमपार गांव में सोमवार की सुबह वृद्ध की पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस हत्या से इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि केवल कहासुनी हुई थी। वृद्ध हृदय रोगी था। जिसके कारण मृत्यु हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
यहां बतादें कि 65 वर्षीय सुदामा कुशवाहा टीकमपार गांव में परिवार के साथ नवासे पर रहते थे। उनका अपने पड़ोसियों से भूमि विवाद चल रहा था। सुबह नाली के पास नाद रखने को लेकर पड़ोसियों से कहासुनी होने लगी। इस दौरान दोनों तरफ से लोग आमने सामने आ गए। परिजनों के मुताबिक पड़ोस के युवक ने वृद्ध की पिटाई कर दी। जिससे उनकी मौके पर मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर सीओ पंचम लाल व इंस्पेक्टर भाटपाररानी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों में साले व बहनोई का रिश्ता था। नाली के पास नाद रखने का मामूली विवाद था। मौके पर लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। मारपीट नहीं हुई है। वृद्ध बीमार चल रहे थे। उन्हें ब्लड प्रेशर, सुगर व हर्ट की बीमारी थी। उनका इलाज चल रहा था। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं थे। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
वृद्ध की मृत्यु के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। लोग दरवाजे पर जुट गए। हर कोई घटना को लेकर गमगीन दिखा। लोगों का कहना था कि इतना बड़ा विवाद नहीं था कि बातचीत से सुलझाया न जा सके। यदि दोनों पक्षों ने समझदारी का परिचय दिया होता तो शायद वृद्ध की जान नहीं जाती।