एमएलसी चुनाव: गोरखपुर-बस्ती मंडल की तीनों सीटों पर भाजपा का कब्जा

Listen to this article

गोरखपुर। गोरखपुर-बस्ती मंडल की खंड स्थानीय निकाय की तीनों सीटें भाजपा ने जीत ली है। मतगणना में गोरखपुर-महराजगंज सीट से भाजपा के सीपी चंद जबकि बस्ती-संतकबीरनगर सीट से सुभाष युदवंश और देवरिया-कुशीनगर सीट से डॉ. रतनपाल सिंह ने जीत दर्ज की। पिछली बार हुए चुनाव में तीनों सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी।
गोरखपुर-महराजगंज खंड स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी सीपी चंद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी रजनीश यादव को 4432 वोटों से हराया। कचहरी क्लब में मंगलवार को हुई मतगणना में भाजपा के सीपी चंद को 4839 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी रजनीश यादव को 407 वोट मिले हैं। हालांकि जीत की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यहां मैदान में सिर्फ दो प्रत्याशी थे।
देवरिया-कुशीनगर सीट पर भाजपा के डॉ रतनपाल सिंह ने सपा के डॉ. कफील खान को 3224 मतों के अंतर से हराया। रतनपाल को 4255 मत मिले जबकि डॉ. कफील खान सिर्फ 1031 मत हासिल कर सके। कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को देवरिया-कुशीनगर स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के लिए कलेक्ट्रेट में मतगणना हुई। मतगणना के दौरान करीब 10.30 बजे तक ही जीत की स्थिति साफ होने लगी। बीजेपी से दावेदारी कर रहे डॉ. रतनपाल सिंह अंत तक 3224 मतों से आगे बने रहे उनके बढ़त को देख समर्थकों के चेहरे पर खुशी का भाव बना रहा। मतगणना के लिए लगाए गए 8 टेबल पर गिनती की गई। अंत तक भाजपा के रतन पाल सिंह को 4255 वोट मिले। वहीं सपा से दावेदारी कर रहे कफील खान को 1031 वोट ही मिल सका। इनके अलावा भारतीय कृषक दल के विनय प्रकाश श्रीवास्तव को 2 मत, जनता-समता पार्टी के मुक्ति नाथ सिंह को 11, निर्दलीय शैलेश कुशवाहा को 18 और आफताब आलम को 5 वोट मिले। मतगणना में 102 मत अवैध पाए गए। इस सीट के लिए देवरिया और कुशीनगर जिले के कुल 5526 में से 5424 जनप्रतिनिधियों ने मतदान किया था। बड़े अंतर से जीत पर भाजपा के समर्थकों में खुशी का माहौल है।
इसी तरह बस्ती-संतकबीरनगर एमएलसी सीट पर भाजपा के सुभाष यदुवंश ने सपा प्रत्याशी संतोष उर्फ सनी यादव को 4280 मतों से हराया है। मतगणना शुरू होने के बाद जैसे ही मतपत्रों की गड्डियां बनाई जाने लगीं तभी भाजपा की जीत तय दिखने लगी। मतगणना हुई तो भाजपा के सुभाष यदुवंश को 5167 और सन्नी को 887 वोट मिले। मतगणना पूरी होते ही भाजपा के खेमे में लोगों ने एक-दूसरे को जीत की बधाई दी।