बरेली। जेल में बंद स्मैक तस्कर नन्हे लंगड़ा पर शिकंजा कसना शुरू हो चुका है। कस्बा में नन्हे लंगडा की आलीशान कोठी का मूल्यांकन करने को पुलिस, प्रशासन और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने कोठी की नापजोख की। इसमें ही करीब तीन घंटे बीत गए। अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद कोठी को सील कर दिया। कस्बा का स्मैक तस्कर नन्हे लंगड़ा को गत दिनों फतेहंगज पश्चिमी पुलिस ने स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तस्कर नन्हें लंगड़ा के परिजन फरार हो गए। उसकी कस्बा के मोहल्ला सराय में आलीशान कोठी है। बुधवार को तहसीलदार अरविंद कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार दीप्ति पाल, सीओ राजकुमार मिश्रा, एसओ फतेहगंज पश्चिमी राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ व अवर अभियंता सुरेंद्र सिंह फोर्स के साथ में तस्कर की कोठी पर पहुंचे। करीब तीन घंटे तक अधिकारियों ने कोठी का मूल्यांकन करने को नापजोख की। अधिकारियों को कार्रवाई करते देखकर गली में भीड़ लग गई। पुलिस ने किसी को कोठी के पास फटकने नहीं दिया। अधिकारियों ने बताया कोठी को तस्कर ने अवैध धंधे की कमाई से अर्जित किया है। तहसीलदार ने बताया पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने कोठी का मूल्यांकन करने को सर्वे किया है। कोठी को सील कर दिया गया है।
अधिकारियों ने कोठी खोली को उसमें साफ सफाई थी। कहीं धूल व गंदगी नहीं थी। ड्रेसिंग टेबल पर तेल की कुछ बूंदें पड़ी थी। कोठी में कुछ सामान कपड़ों में बंधा मिला। अंदाजा लगाया जा रहा है कि कोठी में परिजन ही चोरी छुपे रह रहे थे और वह कोठी से धीरे-धीरे कीमती सामान को ठिकाने लगाने में लगे हुए थे। हालांकि पुलिस तस्कर का मकान कई माह से बंद होने का दावा कर रही है।